Blog

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारियों का वेतन समय पर नहीं मिलने से गहराया संकट

मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

बिलासपुर ।जिले के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को पिछले कई महीनों से समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर जल्द वेतन भुगतान की मांग की है।संघ का कहना है कि मई 2025 माह के वेतन के लिए 1 जून को ही आवश्यक दस्तावेज जिला अधिकारी एवं संचालक स्वास्थ्य विभाग को प्रेषित कर दिए गए थे। बावजूद इसके 13 जून तक भी वेतन जारी नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। संघ ने यह भी बताया कि अधिकारियों को पूर्व में ही समस्याओं से अवगत कराया गया था और वेतन भुगतान की पूरी व्यवस्था भी की गई थी। पत्र में उल्लेख किया गया है कि लगातार समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों को मकान किराया, पारिवारिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई जैसे दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। इससे कर्मचारी मानसिक तनाव में भी हैं, जो उनकी कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है। कर्मचारी संघ ने राज्य के उच्चाधिकारियों से अनुरोध किया है कि इस प्रकार की समस्याएं बार-बार न उत्पन्न हों। उन्होंने यह चेतावनी भी दी है कि यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। अंत में कर्मचारी संघ ने जिला प्रशासन से अपील की है कि प्रत्येक माह वेतन का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए और लंबित वेतन का तत्काल निराकरण कर कर्मचारियों को राहत दी जाए। इस अवसर पर कर्मचारी संघ के लोग बड़ी संख्या में।मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *