Blog

प्लांट में मेंटेनेंस के दौरान 12 फीट ऊंचाई से गिरकर झुलसे दो मजदूर,6 माह पहले बाजू के प्लांट में हुए हादसे में गई थी चार मजदूरों की जान

– मुंगेली के सरगांव क्षेत्र के रामबोड में प्लांट में मेंटेनेंस के दौरान 12 फीट ऊंचाई से गिरकर दो मजदूर झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती करवाया गया है।।
वासुदेव स्पंज आयरन प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से यह हादसा हुआ है। सुरक्षा उपकरणों के बिना ही मजदूरों से काम करवाया जा रहा है। चिमनी से निकले गर्म डस्ट में गिरने से मजदूर घायल हो गए। 6 माह पहले बाजू के प्लांट में हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। वहीं हादसे के बाद श्रमिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।

बिलासपुर। सरगांव क्षेत्र के रामबोड़ स्थित वासुदेव स्पंज आयरन प्लांट में सोमवार को मेंटेनेंस कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में कार्यरत फिटर पंकज निषाद और ठेकेदार संजय सिंह टीन शेड की मरम्मत करने 12 से 15 फीट ऊंचाई पर चढ़े थे। दोनों बिना किसी सुरक्षा उपकरण के कार्य कर रहे थे। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वे सीधे चिमनी से निकल रहे गर्म डस्ट पर गिर गए। मामला सरगांव थाना क्षेत्र का है।

वहीं प्लांट में हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। झुलसे हुए दोनों घायलों को तत्काल साथी मजदूरों की मदद से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में बिलासपुर सिम्स हॉस्पिटल लाया गया। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि गर्म डस्ट में गिरने के कारण दोनों के शरीर का अधिकांश भाग जल गया है। इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी में जुटी हुई है। हादसे के बाद मजदूर संगठनों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखा गया। मजदूर नेताओं ने आरोप लगाया कि प्लांट प्रबंधन श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर लगातार लापरवाही बरत रहा है। उन्होंने मांग की कि श्रम विभाग व जिला प्रशासन इस घटना की निष्पक्ष जांच कराए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे।

किसी प्रकार का नहीं मिला है सुरक्षा उपकरण:–
प्रत्यक्षदर्शी कर्मचारी राजू निषाद ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब दोनों ऊपरी जर्जर टीन शेड की मरम्मत के दौरान कार्यरत थे। टीन शेड की स्थिति पहले से ही खराब थी, और बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के ऊपर चढ़ना उनके लिए घातक साबित हुआ। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि प्लांट प्रबंधन ने उन्हें न तो सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध कराई थी और न ही गर्म धूल भरे क्षेत्र में काम करने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक पोशाक।

6 माह पहले बाजू के प्लांट में हादसे के दौरान 4 की हुई थी मौत:–

रामबोड़ स्थित जिस वासुदेव स्पंज आयरन प्लांट में सोमवार को हादसा हुआ, इसी गांव में स्थित कुसुम स्मेल्टर प्राइवेट लिमिटेड में 9 जनवरी 2025 को भी प्लांट का साइलो गिरा था। राखड़ से भरे साइलो में दबकर इंजीनियर जयंत साहू, सीनियर फीटर अवधेश कश्यप, दो हेल्पर प्रकाश यादव और मनोज धृतलहरे समेत 4 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भी प्लांट प्रबंधन सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *