ऑनलाइन ठगी का शिकार वकील! गूगल से ढूंढा हेल्पलाइन नंबर
खाते से उड़ गए 94 हजार
बिलासपुर।डिजिटल युग ने जहां जीवन को आसान बनाया है, वहीं साइबर अपराधियों के लिए भी नए रास्ते खोल दिए हैं। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक वकील ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। गूगल पर हेल्पलाइन नंबर सर्च करना उन्हें भारी पड़ गया।राजीव विहार निवासी वकील दीपक धारा ने अपने दिवंगत पिता की पेंशन ट्रांसफर कराने के लिए एसईसीएल के एसबीआई ब्रांच में आवेदन दिया था। जब दो महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने इंटरनेट पर एसबीआई हेल्पलाइन नंबर सर्च किया। इसी दौरान वह एक फर्जी नंबर के संपर्क में आ गए, जो साइबर ठगों का था।वकील दीपक धारा को जैसे ही कॉल आया, उनसे खाते की गोपनीय जानकारी मांगी गई। उन्हें लगा कि यह बैंक का अधिकृत कॉल है। उन्होंने जैसे ही ओटीपी और अन्य डिटेल साझा की, उनके खाते से पलभर में 94 हजार रुपये उड़ा लिए गए। जब तक वे कुछ समझ पाते, साइबर ठग अपना खेल कर चुके थे।सरकंडा पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।