टीसी मांगने पर छात्रा से अभद्रता और मारपीट, प्राचार्य पर लगाया गंभीर आरोप…. एसएसपी से मिलकर लगाई न्याय की गुहार

एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार, बोली जो मेरे साथ हुआ किसी और छात्र के साथ न हो
बिलासपुर।रतनपुर थाना अंतर्गत एक निजी कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा अंकिना यादव ने कॉलेज प्राचार्य रमेश साहू और स्टाफ पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। छात्रा का आरोप है कि बीएससी की पढ़ाई छोड़ने के बाद वह कई बार ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेने कॉलेज पहुंची, लेकिन प्राचार्य रमेश साहू द्वारा जानबूझकर उसे टाला गया। 10 जुलाई को जब वह फिर कॉलेज पहुंची, तो उसे कार्यालय में बुलाकर स्टाफ के सामने गालियां दी गईं और धक्का-मुक्की कर परिसर से बाहर कर दिया गया।छात्रा ने बताया कि इस पूरी घटना की जानकारी उसने रतनपुर थाने में भी दी थी, लेकिन वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। जब थाने से निराशा हाथ लगी, तो वह अपने सहयोगियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। एसएसपी रजनेश सिंह से मिलने की कोशिश की, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद छात्रा ने आवक-जावक शाखा में लिखित शिकायत पत्र सौंपा और वीडियो सबूत भी पेश किए।मीडिया से बातचीत में छात्रा ने कहा कि कॉलेज में उसे जिस तरह मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, वह निंदनीय है। उसकी मांग है कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे। साथ ही उसने यह भी कहा कि उसके साथ हुआ अन्याय किसी अन्य छात्र या छात्रा के साथ दोहराया न जाए, इसलिए वह न्याय की उम्मीद लेकर आगे आई है।