सड़क पर बैठी 22 बेजुबान मवेशियों को तेज रफ्तार हाइवा ने रौंदा

17 गयो की मौत,5 गंभीर रूप से घायल
बिलासपुर।सोमवार की रात छत्तीसगढ़ के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बारीडीह में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। तेज रफ्तार एक हाईवा वाहन ने सड़क पर बैठे 17 गौवंशों को कुचल डाला, जिसमें सभी 17 गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। यह दुर्घटना देर रात लगभग 11 बजे नंदलाल पेट्रोल पंप के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक ने ब्रेक तक नहीं लगाया। सामने खड़ी मवेशियों की कतार को देख कर भी चालक ने कोई सावधानी नहीं बरती और बेरहमी से सभी गौवंशों को रौंदता हुआ वाहन लेकर आगे बढ़ गया। घटना के तुरंत बाद कई गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कुछ घायल गायें घंटों तक सड़क पर तड़पती रहीं। यह मंजर देखने वालों की आंखें नम हो गईं और गुस्से का माहौल बन गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर कई मवेशियों की जान जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों या जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई स्थायी कदम नहीं उठाया है। सड़कों पर मवेशियों की लगातार हो रही मौतों पर न तो ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया गया और न ही बेसहारा पशुओं के लिए कोई आश्रय या सुरक्षात्मक उपाय किए गए हैं।
ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की
ग्रामीणों ने मांग की है कि दुर्घटनास्थल के पास सीसीटीवी फुटेज खंगाला जाए और दोषी चालक पर कठोर कार्यवाही हो। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए गौवंशों की सुरक्षा हेतु गोशालाओं की व्यवस्था, सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड और गति सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। स्थानीय प्रशासन द्वारा हादसे की पुष्टि कर दी गई है और घायल मवेशियों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हाईवा चालक की तलाश की जा रही है।
आसपास के लोगो से और फुटेज से की जा रही जांच
रतनपुर पुलिस पूरी तरह से बारीकी सें जांच करके खोजबीन करने में जुटी हुई है।इसके लिए जिस सड़क मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन रहता है।उस रास्ते के सभी वाहनों की जांच की जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस मुखबिर तंत्र लगाकर जांच करने में जुटी हुई है।
वर्जन
इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से वाहन चालक की तलाश की जा रही है।फिलहाल तो एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।
नरेश चौहान
टीआई रतनपुर थाना