Blog

सावन के दूसरे सोमवार को रुद्रा शिव मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

बिलासपुर । सावन माह के दूसरे सोमवार को शहर के विभिन्न शिवालयों में भक्तिभाव की अद्भुत छटा देखने को मिली। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ सुबह से ही मंदिरों में उमड़ पड़ी। जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और भगवान शिव की आराधना में शहर पूरी तरह शिवमय नजर आया। इसी कड़ी में दयालबंद पुल के पास स्थित रुद्रा शिव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी रही। बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी शिव दर्शन को पहुंचे और बारी-बारी से शिवलिंग पर जल अर्पित किया। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मंदिर एक वर्ष पूर्व स्थापित हुआ था। शुरुआत में केवल आस-पास के श्रद्धालु यहां पूजा करने आते थे, लेकिन अब यह शिवालय दूर-दराज से आने वाले भक्तों की आस्था का केंद्र बन चुका है। श्रद्धालु यहां जल चढ़ाकर भगवान शिव से सुख-शांति और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करते हैं। सावन के इस पावन अवसर पर खासकर युवतियों में शिव भक्ति को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कई युवतियां उपवास रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना में लीन रहीं। शिवालय में दिनभर सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन सोमवार का दिन भगवान शिव की कृपा पाने का विशेष अवसर होता है और रुद्रा शिव मंदिर जैसे नवस्थापित मंदिरों में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जुटना आस्था और विश्वास का प्रतीक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *