जिसने दिया जन्म उसी माँ को पुत्र ने उतारा मौत के घाट….पिता पर भी किया जानलेवा हमला…

मुंगेली पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
बिलासपुर । मुंगेली। मुंगेली की यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस कलयुगी मानसिकता की पराकाष्ठा है जहाँ रक्त के रिश्ते भी हैवानियत के आगे हार मान जाते हैं। फास्टरपुर थाना सेतगंगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सारंगपुर में एक पुत्र ने घरेलू रंजिश के चलते अपनी ही मां की सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी और पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पारिवारिक विवाद बना खूनी वारदात की वजह
ग्राम सारंगपुर निवासी रमेश कोशले ने फास्टरपुर थाना पहुंचकर सूचना दी कि उसका चचेरा भाई दिनेश कोशले उम्र 34 वर्ष ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां देवकी बाई कोशले के सिर पर लकड़ी के बत्ते से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और अपने पिता समारू कोशले पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी मयंक तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी दिनेश कोशले को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह माता-पिता से लगातार विवाद और नाराजगी के चलते आक्रोश में आ गया था। सोती हुई मां पर लकड़ी के बत्ते से हमला कर हत्या और पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया था।पुलिस ने हत्या के हथियार बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट भेज दिया है।