स्पा सेंटर की आड़ में संचालक किराए का मकान ले चलवा रहा था सेक्स रैकेट,तीन गिरफ्तार
राजधानी में विभिन्न क्षेत्रों में संचालित तीन स्पा सेंटरों का मालिक किराए का मकान ले उसमें देह व्यापार संचालित करवा रहा था। देह व्यापार में उसका एक साथी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ सहयोग कर रहा था। उन्होंने एक महिला को दबाव बनाकर देह व्यापार में शामिल कर रखा था। पुलिस ने रेड कर मामले का खुलासा किया है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस ने की है। जिनके मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप चेटिंग,ग्राहकों से सौदेबाजी के संदेश, पैसे लेने से जुड़ी जानकारियां मिली है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक मकान में संचालित देह व्यापार के ठिकाने पर पुलिस ने दबिश देकर महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की पड़ताल में सामने आया है कि पूरे रैकेट का सरगना आरोपी कृषाणु दास रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में तीन स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित कर रहा था। उसका साथ एक अन्य आरोपी और उसकी गर्लफ्रेंड दे रही थी। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का हैं।
23 जुलाई 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान में कुछ लोग अनैतिक देह व्यापार में लगे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलतराम पोर्ते, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी क्राइम संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश देवांगन, थाना प्रभारी पुरानी बस्ती एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम द्वारा एक पाईंटर को नकद रकम देकर मकान में भेजा गया। मकान में देह व्यापार से संबंधित सौदा तय होते ही पाईंटर ने टीम को इशारा कर दिया, जिसके बाद पुलिस टीम ने छापेमार कार्यवाही की।
मौके से आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद, जबरन कराते थे देह व्यापार:–
पुलिस दबिश के दौरान पाईंटर के अलावा दो महिलाएं और एक पुरुष मौके पर मिले। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम आकाश साहू, पिता स्व. द्वारिका प्रसाद साहू (उम्र 39 वर्ष), निवासी ग्राम सड्डू, थाना विधानसभा, रायपुर बताया। पूछताछ और कमरे की तलाशी के दौरान आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आकाश साहू अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर इस मकान में देह व्यापार चला रहा था, और एक महिला पीड़िता को जबरन इस कार्य में शामिल किया गया था। वहीं पुलिस द्वारा गहन पूछताछ में आकाश साहू ने खुलासा किया कि वह कृषाणु दास नामक व्यक्ति के संपर्क में है, जो शंकर नगर (एमआईजी-38), रायपुर का निवासी है और रायपुर के समता कॉलोनी, कटोरा तालाब एवं खम्हारडीह में तीन स्पा सेंटर संचालित करता है। कृषाणु दास स्पा की आड़ में अनैतिक देह व्यापार कराता था। इस कार्य में आकाश साहू और उसकी महिला मित्र उसका सहयोग करते थे। पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए कृषाणु दास को भी गिरफ्तार किया गया।
व्हाट्सएप चैट और पैसों के लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य मिले:–
तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में पुलिस को सेक्स रैकेट से जुड़ी व्हाट्सएप चैटिंग, ग्राहकों से सौदेबाजी के संदेश, और पैसे के लेन-देन से जुड़ी जानकारियां मिलीं। प्रकरण से संबंधित चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
अपराध पंजीबद्ध, अन्य आरोपियों की तलाश जारी:–
थाना पुरानी बस्ती में प्रकरण क्रमांक 283/25, धारा 4, 5, 7 अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:–
1. आकाश साहू, पिता स्व. द्वारिका प्रसाद साहू, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम सड्डू, थाना विधानसभा, रायपुर।
2. कृषाणु दास, पिता कमलेन्दु दास, उम्र 42 वर्ष, निवासी एमआईजी-38, शंकर नगर, थाना खम्हारडीह, रायपुर।
3. एक महिला, जो अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाई गई।