Blog

वेतन न मिलने से अनुकंपा नियुक्त कर्मचारी परेशान…आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार

निगम कर्मचारियों को अनुकम्पा नियुक्ति के 7 महीने के बाद भी नहीं मिला एक भी वेतन

बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर में अनुकंपा नियुक्त कर्मचारियों को बीते कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण गहरी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 22 दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को शासन की ओर से जनवरी 2025 में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए थे, लेकिन सात माह बीत जाने के बाद भी वेतन भुगतान नहीं हुआ है। इससे उनके परिवारों की आजीविका संकट में पड़ गई है। मंगलवार को नगर निगम के सभी अनुकंपा नियुक्त कर्मचारियों ने एकजुट होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि बिना वेतन के काम करना बेहद कठिन हो गया है और परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि वे अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा से दे रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा।कर्मचारियों ने प्रशासन से अपील की कि उनके लंबित वेतन की तत्काल स्वीकृति दी जाए ताकि वे अपने घर-परिवार का भरण-पोषण ठीक से कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि वेतन न मिलने के कारण बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य इलाज और अन्य ज़रूरी खर्चों को पूरा करना नामुमकिन हो गया है। चिकित्सा खर्चों और दवा खरीदने के लिए पैसे नहीं होने से कई परिवारों की स्थिति और गंभीर हो रही है।अनुकंपा नियुक्त कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया और शीघ्र वेतन भुगतान की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होंगे। उन्होंने कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त से मानवीय आधार पर जल्द निर्णय लेने की मांग की है, जिससे उन्हें थोड़ी राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *