पुलिस ने गाड़ी से जप्त किए चार करोड़ रुपए नगद,आयकर को सौंपा मामला

महाराष्ट्र पासिंग गाड़ी से पुलिस ने चार करोड़,चार लाख 50 हजार रुपए नगद बरामद किया है। यह गाड़ी में एक गुप्त चेंबर बना कर रखा गया था। पुलिस ने इनकमटैक्स को मामला सौंपा है।
खैरागढ़। खैरागढ़ पुलिस ने संदिग्ध रूप से जा रहे महाराष्ट्र के गाड़ी से चार करोड चार लाख रुपए नगद बरामद किए हैं। गाड़ी में एक गुप्त चेंबर में यह रकम छुपा कर ले जाई जा रही थी। आशंका है कि यह रुपए हवाला के हैं। पुलिस ने इस मामले को इनकम टैक्स के सुपुर्द किया है। मामला खैरागढ़ थाना क्षेत्र का है।

खैरागढ़ थाना पुलिस ने 15 अगस्त को देखते हुए नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया था। एसपी लक्ष्य शर्मा के आदेश पर चलाए जा रहे वाहन चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र की स्कॉर्पियो गाड़ी mh 12 wz 0696 को संदेह के आधार पर रोका गया। इसमें सवार दो लोगों की गतिविधियां संदिग्ध थी। उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम पारस पटेल उम्र 36 वर्ष, पिता जयंती भाई पटेल निवासी वडोदरा गुजरात और अक्षय पिता शैलेश भाई पटेल उम्र 30 वर्ष निवासी पाटन गुजरात होना बताया।
क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को बुलाकर उनके गाड़ी की वीडियोग्राफी के साथ तलाशी की गई तब सीट के नीचे बने एक गुप्त चैंबर से चार करोड,चार लाख 50 हजार रुपए बरामद हुए। पुलिस ने इसे गिनने के लिए बैंक से मशीन मंगवाई थी। इस संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज वाहन चालक नहीं पेश कर सके। जिसके चलते बीएनएस की धारा 106 के तहत रकम को जप्त कर इनकम टैक्स को भेजा गया है।

एक नकली नोट की थी गड्डी,हवाला के रकम की आशंका:–
जप्त रुपए के बंडलों में एक बंडल नकली नोट के थे। जिसे खांचा बंद करने के लिए उसका हुक लगाने हेतु सुविधा के लिए बीच से फाड़ कर रखा गया था। आशंका है कि यह रकम हवाला की है। पूर्व में भी नेशनल हाईवे से पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने इसी रूट से माल सप्लाई किया होगा, ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है। पर इस बार आरोपी पुलिस की जांच में फंस गए।