Blog

पथर्रा में असामाजिक तत्वों ने जेसीबी से सार्वजनिक मार्ग खोदा – ग्रामीणों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की माँग की


ब्यूरो रिपोर्ट:
रितेश गुप्ता

पथर्रा में सार्वजनिक मार्ग पर अवैध गड्ढा, ग्रामीणों में उबाल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के ग्राम पंचायत पथर्रा में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सार्वजनिक रास्तों पर जेसीबी मशीन से गड्ढा करवा दिए जाने से पूरे गाँव में हड़कंप मच गया है। खैरवा टोला से नदी जाने वाला मार्ग, कोलबिरा से श्मशान घाट पहुँचने वाला मार्ग और पथर्रा से नदी तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इन रास्तों के बंद हो जाने से मवेशियों को नदी तक ले जाना असंभव हो गया है, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हो रहे निर्माण कार्य भी ठप हो गए हैं क्योंकि आवश्यक रेत की आपूर्ति रुक गई है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि श्मशान घाट तक पहुँचने का मार्ग बाधित हो जाने से अंतिम संस्कार जैसे अत्यावश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने इस अवैध कार्यवाही के पीछे त्रिलोक सिंह सलाम (पंच वार्ड क्रमांक 02), बाबूलाल श्याम, मंगल सिंह सरूता, रेवा लाल पूरी, लालजी यादव और कैलाश मार्को के नाम लिए हैं। आरोप है कि इन्हीं की संलिप्तता से सार्वजनिक रास्तों को खुदवाकर बंद किया गया है, जिससे समूचे गाँव की जनता परेशान है।

मामले से आक्रोशित करीब 30/40 ग्रामीण सामूहिक रूप से कोटमी चौकी पहुँचे और चौकी प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। हालांकि, उस समय चौकी प्रभारी अनुपस्थित थे और आवेदन चौकी के मुंशी भारद्वाज द्वारा लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि मुंशी ने आवेदन तो लिया पर किसी तरह की रिसीविंग नहीं दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी ग्रामवासियों को चौकी प्रभारी द्वारा कल बुलाए जाने की जानकारी दी गई है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत कठोर कार्रवाई की जाए और अवरुद्ध किए गए मार्गों को तत्काल दुरुस्त कर पुनः आवागमन के लिए खोला जाए। गाँव में इस घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है और लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *