कुलपति से मिलने पर छात्रों को रोका, विरोध में छात्रों ने विश्वविद्यालय के चारों द्वारों पर लगाए ताले

00 छात्र हितों की आवाज दबाने का आरोप, पुलिस बल के बीच छात्रों ने किया विरोध
- फोटो
बिलासपुर। गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्र हितों को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच कुलपति कार्यालय में छात्रो से मिलने पर रोक लगाई गई। विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के साथ भेदभाव के आरोप लगाते हुए एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा और उनके साथियों ने कुलपति कार्यालय के चारों द्वारों पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया।
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार छात्र हितों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है। इस क्रम में दो ऐसे छात्र जो लगातार छात्र हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, उन्हें कुलपति से मिलने से रोक दिया गया। जब वे कुलपति कार्यालय पहुंचे तो सुरक्षा बलों ने गेट पर ताले जड़ दिए, जिससे छात्रों में रोष व्याप्त हो गया। इस निंदनीय कदम के विरोध में लक्की मिश्रा और उनके साथियों ने सांकेतिक विरोध करते हुए चारों द्वारों पर ताले लगा दिए। विरोध प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस का सहारा लेकर छात्रों को धमकाने और डराने का प्रयास किया। हालांकि, बाद में पुलिस प्रशासन ने छात्रों से वार्ता कर कुलपति से मिलने की व्यवस्था कराई।
00 कुलपति के जवाब से छात्र असंतुष्ट
कुलपति द्वारा दिए गए जवाब छात्रों की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके, जिससे छात्रों का असंतोष बना रहा। छात्र अब भी अपने मांगों को लेकर सख्त हैं और विश्वविद्यालय प्रशासन से समाधान की उम्मीद कर रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम से विश्वविद्यालय के माहौल में तनाव व्याप्त हो गया है और छात्र-प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

00 सीड मनी में बंदरबाट सहित नौकरी लगाने तक के मामले
गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में रिसर्च के लिए दिए जाने वाले सीड मनी का जमकर दुरूपयोग हुआ है एक लाख की जगह अपने चाहे तो को 19 – 20 लख रुपए तक बांट दिए गए हैं इसके अलावा यूनिवर्सिटी में जो कर्मचारी पहले से ही कार्यरत है उन्हीं के बेटे बेटी पत्नी और रिश्तेदारों को नौकरी पर लगाने का भी मामला यूनिवर्सिटी में सामने आया है छात्रों को इंटरनेट सहित हॉस्टल की सुविधा भी यहां नहीं मिल पा रही है इन मामलों को लेकर छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव किया है।
