नशे के सौदागर पर पुलिस का शिकंजा

तारबाहर पुलिस ने आरोपी से 150 नशीली गोलियां जब्त किया
बिलासपुर । तारबाहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले आरोपी अमन सिंघल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से नाइट्राजीपाम की 150 टैबलेट बरामद हुईं। जिनका दुरुपयोग नशे के तौर पर बेहद खतरनाक माना जाता है।दरअसल, नाइट्राजीपाम
अनिद्रा के इलाज में उपयोग की जाने वाली दवा है, लेकिन इसके नशे से भ्रम, अवास्तविक दृश्य, चिड़चिड़ापन और मानसिक असंतुलन जैसी गंभीर समस्याएँ पैदा होती हैं। पुलिस ने अमन सिंघल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत मामला दर्ज किया है।यह कार्रवाई 25 अगस्त की रात तितली चौक पर हुई चाकूबाजी से जुड़ी हुई है। उस घटना में नशे की हालत में तीन युवकों ने विवाद के दौरान शहडोल निवासी समीर यादव पर चाकू से हमला किया था।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर दो नाबालिगों और अमन सारथी निवासी चिंगराजपारा को गिरफ्तार कर लिया था।जांच में खुलासा हुआ कि इन युवकों को नशे का सामान राहुल निवासी – बंगालीपारा, सरकंडा उपलब्ध कराता था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर BNS की धारा 49 के तहत दुष्प्रेरणा का आरोपी बनाया। राहुल से पूछताछ में अमन सिंघल का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने ट्रैप बिछाकर उसे दबोचा।पुलिस का कहना है कि अब केवल अपराधियों पर ही नहीं, बल्कि नशे का सामान उपलब्ध कराने वाले हर व्यक्ति पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुँचकर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
वर्जन
नशे का कारोबार करने और नशे का सामान बेचने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है
निमितेश सिंह परिहार सीएसपी सिविल लाइन