Blog

जुआ की कार्यवाही में पुलिस का अमीरों पर रहम और गरीबों पर सितम, रसूखदार जुआरियों को थाने से मुचलका, 11 जुआरियों की थाने में बीती रात

पुलिस ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जुआ खेलते हुए 11 जुआरियों को गिरफ्तार कर 52 हजार रुपए नगद बरामद किया है। जुआरियों पर जुआ एक्ट के अलावा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है। वही देखा जा रहा है कि शहर के रसूखदार जुआरियों को पुलिस बिना प्रतिबंधात्मक कार्यवाही किए थाने से ही मुचलका दे दिया जा रहा है।

बिलासपुर। जुआ के मामले में पुलिस द्वारा बिलासपुर शहर में की जा रही कार्रवाई में अमीर जुआरियों पर रहम और गरीब जुआरियों पर सितम देखने को मिल रहा है। पहले पकड़े गए तीन हाई प्रोफाइल जुआ के मामले में तत्काल थाने से मुचलका का दे दिया गया। वही कल रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई जुए की कार्यवाही में पकड़े गए जुआरियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर उन्हें रात भर थाने में बिठा लिया गया। आज उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट के यहां पेश किया जाएगा। एक जैसे मामलों में की गई अलग– अलग कार्यवाही पर शहर में जमकर चर्चा है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति पीपल चौक अनीश के मकान के सामने बजरंग चौक तालापारा में ताश के पत्तों से रुपए पैसे का हार जीत दाव लगाकर कट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस की टीम ने वहां जाकर रेड किया और 11 जुआरियों को जुआ खेलते 52 हजार रुपए नगद रकम,चार नग मोटर साइकिल 9 नग मोबाइल व ताश पत्तों के 52 पत्ती को जप्त किया। पुलिस का दावा है कि जुआरी रोड किनारे आम जगह पर जुआ खेल रहे थे।

सभी जुआरियों पर जुआ एक्ट की कार्यवाही की गई। इसके अलावा सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर रात भर उन्हें थाने में ही बिठा लिया गया। आज उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट के यहां पेश किया जाएगा।

रसूखदार जुआरियों के तीन मामलों में थाने से ही मुचलका:–

एक तरफ पुलिस ने इस मामले में जुआ प्रतिषेध अधिनियम की कार्यवाही के साथ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही 151 की भी की है। वही हाल ही में की गई जुआ के अन्य मामलों में यह देखने को मिला है कि रसूखदार जुआरियों को थाने से ही मुचलका दे दिया गया है।

18 अगस्त की रात सरकंडा थाना क्षेत्र के लोधीपारा में सुशील अग्रवाल के बाड़े में सरकंडा पुलिस ने रेड मारकर होटल,फर्नीचर,टाइल्स कारोबारी और बिलासपुर महापौर पूजा विधानी के जेठ समेत 9 जुआरियों को जुआ खेलते पकड़ा था। इन्हें थाने लाकर लिखा– पढ़ी के बाद तत्काल मुचलका दे दिया गया। इन पर कोई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही नहीं की गई।

इससे पहले कोनी थाना क्षेत्र में भाजपा नेता के फार्म हाउस में शाम के समय जुआ के मामले में रेड मारकर कई जुआरियों और राजनैतिक दलों के लोगों को कोनी पुलिस और सीपत पुलिस ने पकड़ा था। जिन्हें पुलिस ने कोनी थाने लाने के बाद लिखा–पढ़ी कर बिना प्रति बंधात्मक कार्यवाही किए, सबको मुचलका दे दिया।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ही होटल हैवेंस पार्क में कमरा नंबर 202 में जुआ पुलिस ने पकड़ा था। जिसमें भी राजनैतिक दलों से जुड़े लोग थे। होटल के मैनेजर को भी पुलिस ने जुआ में आरोपी बनाया था। सभी को पुलिस ने बिना प्रतिबंधात्मक कार्यवाही किए थाने से ही जुआ एक्ट की कार्रवाई कर मुचलका दे दिया गया। वही थाने से एक जुआरी थाने से पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला था। जिस पर उस वक्त पुलिस के द्वारा दावा किया गया था कि अभिरक्षा से भगाने के मामले में पृथक से प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। पर पृथक से प्रकरण दर्ज करना तो दूर उस पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की भी हिम्मत पुलिस नहीं जुटा सकी। वही सामान्य जुआरियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर पुलिस ने वाह वाही बटोर ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *