Blog

गांवों की आवाज़ जिला पंचायत में गूंजी

स्वास्थ्य और सड़क सुधार पर फोकस

गोधाम योजना और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा

बिलासपुर।जिला पंचायत बिलासपुर की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को राजेश सूर्यवंशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल, सभी सभापति, जिला पंचायत सदस्य और जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में आदिवासी विकास, सहकारिता, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, खाद्य, वन विभाग, वन विकास निगम, सामाजिक वानिकी, स्वच्छ भारत मिशन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
आदिवासी विकास विभाग ने छात्रावासों और आश्रमों में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी साझा की और आदि कर्मयोगी अभियान में सहयोग की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग के तहत रतनपुर और कोटा क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जनरेटर उपलब्ध कराने की मांग उठी। मौसमी बीमारियों और सर्पदंश की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सहकारिता विभाग में अनुकंपा नियुक्तियों का शीघ्र निपटारा करने और खाद्य विभाग द्वारा आश्रित ग्रामों में पीडीएस वितरण बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए।
लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जर्जर सड़कों की मरम्मत पर जोर दिया गया। नलकूप खनन जल्द शुरू करने और बिजली संकट का त्वरित समाधान निकालने के निर्देश भी बैठक में शामिल थे। गोधाम योजना और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सदस्यों को दी गई।

*कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई*

कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई।अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मुद्दों पर तेजी से काम किया जाए। विशेषकर किसानों और ग्रामीणों को सीधी राहत पहुंचाने वाले कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

*खाद और बीज की कमी को लेकर गंभीर चर्चा*

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खाद और बीज की कमी को लेकर गंभीर चर्चा हुई।  वर्तमान मौसम में किसानों के लिए खाद और बीज का समय पर मिलना बेहद जरूरी है।  वितरण की व्यवस्था सुदृढ़ करने पर गंभीरता से चर्चा हुई। ताकि किसानों की फसल प्रभावित न हो। स्वास्थ्य विभाग को लेकर भी बैठक में कई मुद्दे सामने आए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को गंभीर मानते हुए अध्यक्ष ने चिकित्सकों और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके अलावा, स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति पर भी चर्चा की गई। अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि इसका असर गांव-गांव और घर-घर तक दिखना चाहिए।

*जिला पंचायत की बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा*

रतनपुर और कोटा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जनरेटर त्वरित उपलब्ध कराना।

मौसमी बीमारियों और सर्पदंश की दवाओं की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करना।

सहकारिता विभाग में अनुकंपा नियुक्तियों के प्रकरणों का शीघ्र निपटारा।

आश्रित ग्रामों में पीडीएस वितरण की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाना।

जर्जर सड़कों की मरम्मत और नलकूप खनन का त्वरित क्रियान्वयन।

बिजली संकट के समाधान के लिए संयुक्त कार्रवाई और निगरानी।

गोधाम योजना और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यक्रमों की समय-समय पर समीक्षा और सुधार।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *