गणेश विसर्जन से पहले पुलिस-समितियों की अहम बैठक…शहर में शांति और यातायात व्यवस्था पर जोर

विसर्जन जुलूस में सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम…नशे और अव्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर
बिलासपुर । गणेश उत्सव को शांति और अनुशासन के साथ संपन्न कराने पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस और शहर की सभी गणेश उत्सव समितियों की एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें पंडाल से लेकर विसर्जन तक हर स्तर की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई….
एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे ने समितियों से कहा कि शहर के नागरिकों की सुविधा सबसे अहम है। गणेश पंडालों पर लगाए जाने वाले विद्युत तारों से लेकर साउंड सिस्टम तक, हर व्यवस्था इस तरह हो कि आमजन को परेशानी न हो। समितियों को यह भी समझाया गया कि जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का ही पालन किया जाए, ताकि आवागमन बाधित न हो। यातायात विभाग ने साफ किया कि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी समितियां अपने-अपने वालंटियर खड़े कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाएंगी.।
सभी गणेश समितियों को यह भी कहा गया कि ध्वनि विस्तारक यंत्र तय सीमा से अधिक आवाज़ में न बजें और फूहड़ या अशोभनीय गानों से पूरी तरह परहेज़ किया जाए। जुलूसों में माताओं, बहनों और वरिष्ठजनों की मौजूदगी का सम्मान हर हाल में बनाए रखा जाए। इसके साथ ही शराब या किसी भी नशे की हालत में जुलूस में आने वालों को रोकने की जिम्मेदारी समितियों की होगी। पुलिस ने साफ कर दिया कि ऐसी स्थिति में किसी भी व्यक्ति को शामिल नहीं होने दिया जाएगा और पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।इसी दौरान एएसपी शहर राजेंद्र जायसवाल ने साफ कहा कि इस बार पचरी घाट पर निर्माण कार्य के चलते गणेश विसर्जन का आयोजन छठ घाट में किया जाएगा, जहां विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि घाट और मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी, नशे में धुत लोगों और संदिग्ध तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और यदि किसी के पास अवैध हथियार पाए जाते हैं तो तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में लगातार वाहनों की चेकिंग की जा रही है और गुंडा-बदमाश प्रवृत्ति के लोगों को थाने बुलाकर समझाइश दी जा रही है। पुलिस प्रशासन का साफ हिदायत दी है कि इस बार का गणेश उत्सव पूरी तरह सुरक्षित, अनुशासित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की हुज्जत बाजी बर्दास्त नहीं की जाएगी।