गणेश विसर्जन शोभायात्रा में कर्मा नृत्य की भव्य प्रस्तुति

50 महिलाओं ने बिखेरा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंग
बिलासपुर। गोविंद नगर, सिरगिट्टी में एकता गणेश उत्सव पूजा समिति द्वारा भव्य गणेश विसर्जन यात्रा का आयोजन किया गया। पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव से सम्पन्न इस आयोजन में गणेश प्रतिमा को राजकिशोर नगर छठ घाट में विसर्जित किया गया।
विसर्जन शोभायात्रा गोविंद नगर से बरनाल चौक, तारबाहर रेल फाटक होते हुए छठ घाट तक निकाली गई। यात्रा का मुख्य आकर्षण रहा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत कर्मा नृत्य, जिसमें रामपुर से आईं 50 महिलाओं ने भाग लिया। आकर्षक लाल परिधान और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में महिलाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का दिल जीत लिया।
ढोल-ताशा और बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में मोहल्ले के सैकड़ों लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए। यह आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।