जंगल में माओवादियों का बड़ा डंप बरामद, हथियार-विस्फोटक समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त

बीजापुर – थाना पामेड़ क्षेत्र के एफओबी काउरगुट्टा इलाके में कोबरा 208 बटालियन ने सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान जंगलों से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री का डंप बरामद किया गया।
बरामद सामान माओवादियों ने ग्राम कंचाल के जंगलों में गड्ढों और पेड़ों की खोल में छिपा रखा था। यह सामग्री किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए इकट्ठा की गई थी, लेकिन सुरक्षा बलों ने समय रहते इसे विफल कर दिया।
बरामदगी में बीजीएल लांचर, मजल लोडिंग बंदूक, बीजीएल सेल, बैरल पाइप, बैटरी, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, डायरेक्शनल माइंस, पिठ्ठू बैग, माओवादी वर्दी, कॉम्बैट ड्रेस, बेल्ट, बेडशीट, माओवादी साहित्य, पटाखे और राशन सामग्री शामिल है।
सुरक्षा बलों का कहना है कि इस कार्रवाई से माओवादियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हुई है और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह अहम कदम साबित होगा।