एनटीपीसी डिप्टी जीएम 4.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एनटीपीसी रायकेरा-घरघोड़ा के उप महाप्रबंधक विजय दुबे को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, तिलाईपाली निवासी सौदागर गुप्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि एनटीपीसी द्वारा उनके मकान और जमीन का अधिग्रहण किया गया है। जमीन और मकान का मुआवजा तो मिल चुका है, लेकिन पुनर्वास योजना के तहत उनके पुत्रों को करीब 30 लाख रुपये मिलने थे। इसमें से 14 लाख रुपये मिल भी चुके थे, लेकिन शेष 16 लाख रुपये जारी करने के लिए उप महाप्रबंधक विजय दुबे ने 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी पहले ही 50 हजार रुपये अग्रिम ले चुका था और बाकी रकम लेने के लिए बार-बार दबाव बना रहा था। इसके बाद सौदागर गुप्ता ने एसीबी से संपर्क किया और पूरी सच्चाई बताई।
शिकायत सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय समय पर सौदागर गुप्ता से विजय दुबे को 4.50 लाख रुपये रिश्वत की रकम लेते हुए पेट्रोल पंप के पास रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।