Blog

नशामुक्ति जनचौपाल में महिलाओं ने लिया संकल्प

बिलासपुर
सीपत के वनांचल ग्राम सोंठी में मंगलवार को नशामुक्ति अभियान के तहत जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही। गांव को नशे से मुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने संकल्प लिया कि अब सोंठी में नशे के कारोबार या सेवन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद सदस्य लक्ष्मी देव सिंह पोर्ते के नेतृत्व में नशामुक्ति रैली निकाली गई, जिसमें महिलाएं नारे लगाते हुए पूरे गांव में घूमीं नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो, नशा है विनाश की जड़ जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।


सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा किसी भी रूप में समाज के लिए जहर है। इसकी शुरुआत रोकने की जिम्मेदारी परिवार से ही शुरु होती है। अगर माता-पिता, पत्नी, भाई या बहन नशा करने वाले को रोकने का साहस दिखाएं तो समाज अपने आप बदल जाएगा। पुलिस हमेशा जनता के साथ है, लेकिन नशे के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार समाज की एकजुटता है। उन्होंने यह भी कहा कि सीपत थाना क्षेत्र में पुलिस लगातार अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रही है, और गांवों के सहयोग से इसे और मजबूत किया जाएगा। जनपद सदस्य लक्ष्मी देव सिंह पोर्ते ने कहा कि नशा न केवल परिवार को बल्कि पूरे गांव को कमजोर करता है। हम चाहते हैं कि सोंठी का हर युवा पढ़े, आगे बढ़े, रोजगार करे, लेकिन नशे से दूरी बनाए। इस अभियान को जनआंदोलन बनाना है ताकि आने वाली पीढ़ी एक स्वस्थ समाज में जी सके। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हर वार्ड में नशामुक्ति जनजागरुकता शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें स्कूली बच्चों और महिलाओं की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम की सरपंच नीमा वस्त्रकार ने कहा कि हमारी महिलाएं अब चुप नहीं रहेंगी।शराब और नशे से परिवार टूट रहे हैं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अब सोंठी गांव की महिलाएं मिलकर नशे के खिलाफ मोर्चा संभालेंगी और प्रशासन के साथ मिलकर इस कुरीति को जड़ से खत्म करेंगी। शिक्षक रामेश्वर जायसवाल ने कहा कि गांव के युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे में नहीं, ज्ञान में शक्ति खोजनी चाहिए। स्कूलों में बच्चों को नशामुक्ति की शपथ दिलाएंगे और घरों में भी इस संदेश को फैलाने का प्रयास करेंगे। रैली और जनचौपाल में रानू श्रीवास, भागीरथी जायसवाल, राम कश्यप, पूर्व सरपंच राजेंद्र पटेल सहित सैकड़ों महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ सामूहिक शपथ ली और गांव में अवैध शराब बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने का निर्णय लिया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि अब सोंठी नशामुक्त बनेगा, और यहां की नई पीढ़ी स्वच्छ विचारों के साथ आगे बढ़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *