Blog

भीषण रेल हादसे मे जांच तेज….एसएसपी बोले,होगी दोषियों पर कार्रवाई

बिलासपुर। गतौरा में हुए भीषण रेल हादसे की जांच तेजी से जारी है। बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए हर तकनीकी और मानवीय पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के बाद से ही रेलवे और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है। एसपी ने बताया कि लोको पायलट के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मोबाइल डेटा के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे से पहले की स्थिति क्या थी, कहीं फोन पर बात या अन्य किसी तरह की व्यस्तता तो कारण नहीं बनी। फॉरेंसिक रिपोर्ट से जांच को मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही हादसा स्थल के आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों, रेलवे कर्मचारियों और बचाव कार्य में शामिल टीमों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटनाक्रम की सटीक श्रृंखला तैयार की जा सके। पुलिस का मानना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के कथन तकनीकी रिपोर्ट के साथ मिलाकर देखने से तस्वीर और साफ हो जाएगी। एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि महिला लोको पायलट का बयान लिया जाना अभी बाकी है। फिलहाल उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उनका बयान टालना पड़ा। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनका बयान दर्ज किया जाएगा। उनका बयान मिलने के बाद जांच का अगला चरण पूरा किया जाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *