कबाड़ी ने छोड़ी पालतू कुतिया,युवक घायल
समझौते की कोशिश के दौरान हुआ विवाद
बिलासपुर।पुराने विवाद को सुलझाने पहुंचे तीन युवकों और कबाड़ी के बीच तीखा विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि कबाड़ी ने गुस्से में अपनी पालतू कुतिया युवकों पर छोड़ दी। कुतिया के हमले में एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कतियापारा निवासी सुमित कुशवाहा 28 अपने दो दोस्तों आलोक और रिंकू के साथ रात पुराने बस स्टैंड स्थित कबाड़ी दुकान संचालक राजू साहू से मिलने गया था। वे राज उर्फ दादू के साथ चल रहे विवाद को लेकर समझौता कराने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई और गाली गलौज होने लगा। इसी दौरान कबाड़ी राजू साहू ने अपनी पालतू कुतिया को युवकों पर छोड़ दिया। कुतिया ने सुमित को कमर के नीचे दाहिनी ओर काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। साथी युवकों ने उसे वहां से किसी तरह बचाकर दूर पहुंचाया। इसके बाद सुमित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि कबाड़ी ने जानबूझकर कुतिया से हमला करवाया। उधर, कबाड़ी राजू साहू ने भी पुलिस को शिकायत दी है। उसका कहना है कि युवक दुकान में आए और उससे मारपीट की कोशिश की। उनके धमकाने और तोड़फोड़ करने की कोशिश के कारण विवाद बढ़ा। कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।