धान का अवैध तौल कराने की शिकायत
तय मात्रा से अधिक कर रहे धान की तौल
बिलासपुर। जिले में धान खरीदी के साथ ही गड़बड़ियों का सिलसिला भी सामने आने लगा है। तखतपुर क्षेत्र के देवरीखुर्द सेवा सहकारी समिति में धान का अवैध तौल कराए जाने की शिकायत किसानों ने की है। किसानों का आरोप है कि समिति में निर्धारित मानक के विपरीत मनमाने ढंग से धान की तौल की जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों के मुताबिक समिति में बोरे का वजन 41.700 किलोग्राम से बढ़ाकर 43.700 किलोग्राम तक तौला जा रहा है। तय सीमा से अधिक तौल किए जाने से प्रति बोरा धान में किसानों का तौल कम बैठ रहा है। इसके अलावा तौल के नाम पर 12 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त वसूली का भी आरोप लगाया गया है, जिससे किसानों की नाराजगी और बढ़ गई है। किसानों ने समिति के अध्यक्ष और प्रबंधक पर मनमाना तौल कराने तथा मिलीभगत से अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार आपत्ति जताने के बावजूद समिति प्रबंधन की ओर से न तो गड़बड़ी सुधारी गई और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया गया।इसी बीच, किसानों ने धान तौल में हो रही कथित गड़बड़ी का वीडियो भी बनाकर रिकॉर्ड किया है, जो ग्रामीण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। देवरीखुर्द सेवा सहकारी समिति से जुड़ी इस पूरी घटना को लेकर अब आसपास के किसान भी सतर्क हो गए हैं और पारदर्शी तौल की मांग कर रहे हैं।