Blog

शराबी दूल्हे की हालत देख दुल्हन ने तोड़ी शादी…

फिर दूल्हे ने मचाया हंगामा गाली-गलौज और धमकी, सरकंडा पुलिस ने मामला किया दर्ज

बिलासपुर । सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक नगर निवासी शिक्षिका श्रेया शुक्ला ने ओडिशा निवासी किशन सिंह के विरुद्ध गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296-BNS एवं 351(2)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। प्रार्थी श्रेया शुक्ला ने बताया कि वह ओडिशा में एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं और अपनी इच्छा से किशन सिंह से विवाह करना चाहती थीं, जिसे परिवार की भी सहमति थी। 26 नवंबर को सगाई और 27 नवंबर को शादी का कार्यक्रम अशोक वाटिका मैरिज रिसोर्ट, बिरकोना रोड सरकंडा में तय किया गया था। लेकिन वर पक्ष के लोग निर्धारित समय से कई घंटे देर रात पहुंचे और आरोप है कि दूल्हा किशन सिंह शराब के नशे में था तथा ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। यह देखकर वधूपक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। उसी रात आरोपी ने श्रेया व उनके माता-पिता सहित परिवार के सदस्यों को गाली-गलौज और धमकी दी। शादी टूटने के बाद 27 नवंबर की शाम से रात के बीच आरोपी ने श्रेया के बड़े भाई स्नेहिल शुक्ला के मोबाइल पर बार-बार कॉल कर अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। कॉल स्पीकर पर होने के कारण पूरा परिवार यह बातें सुन रहा था, जिससे सभी भयभीत हो गए। घटना से आहत श्रेया ने 2 दिसंबर को थाना सरकंडा पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *