Blog

खुद को CM का OSD बताकर धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायपुर । खुद को मुख्यमंत्री का ओएसडी बताकर धमकी देने वाले एक आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, खमतराई निवासी चिंतामणी पण्डा ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते वह अपनी पत्नी से कुछ दिनों से अलग रह रहा है। इसी दौरान 15 दिसंबर को एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर कॉल कर खुद को मुख्यमंत्री का ओएसडी रवि मिश्रा बताते हुए पत्नी से समझौता करने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर बड़े अधिकारियों से शिकायत कर सबक सिखाने की धमकी दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की साइबर विंग ने मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया, जिसके बाद आरोपी की पहचान विशाल नगर, तेलीबांधा निवासी अखिलेश सिंह के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पीड़िता उसकी मुंहबोली बहन है और पति-पत्नी में सुलह कराने के लिए उसने खुद को मुख्यमंत्री का ओएसडी बताकर धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी अखिलेश सिंह को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *