Blog

डीआरजी और माओवादियों के बीच मुठभेड़, 5 लाख का इनामी माओवादी ढेर

बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रावती इलाके के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में हथियारों के साथ एक माओवादी का शव बरामद किया गया है। मारा गया माओवादी भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य और 5 लाख रुपये का इनामी था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आदवाड़ा–कोटमेटा के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी बीजापुर की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान 19 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग शुरू हो गई, जो काफी देर तक चलती रही।

सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से एक माओवादी का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान 35 वर्षीय एसीएम फगनू माड़वी, निवासी गोरना थाना बीजापुर के रूप में हुई है। वह भैरमगढ़ एरिया कमेटी का एसीएम था और लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।

मौके से सुरक्षा बलों ने .303 रायफल, 9 एमएम पिस्टल, मैगजीन, जिंदा राउंड, स्कैनर सेट, रेडियो, विस्फोटक सामग्री, मेडिकल किट और माओवादी साहित्य भी बरामद किया है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

बस्तर रेंज के आईजीपी सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि वर्ष 2025 में सुरक्षा बलों की प्रभावी और समन्वित कार्रवाई से माओवादी संगठन पूरी तरह कमजोर हो चुका है और अब अंतिम सांसें गिन रहा है। उन्होंने सक्रिय माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *