बीमा पॉलिसी और बैंक जमा के नाम पर ठगी, दो अलग-अलग मामले उजागर
लाखों की धोखाधड़ी में पुलिस कार्रवाई तेज, एक महिला एजेंट गिरफ्तार
बिलासपुर ।तारबाहर थाना क्षेत्र में ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां आवेदक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, पुरानी बीमा पॉलिसी को दोबारा इनेबल करने के नाम पर जालसाजों ने पीड़ित को झांसे में लेकर अलग-अलग तरीकों से करीब 5 लाख 18 हजार रुपये की ठगी कर ली।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।सीएसपी का कहना है कि यह एक सीरियल ठगी का मामला हो सकता है, जिसे लेकर आरोपियों की पहचान और ठगी की रकम ट्रेस करने की कार्रवाई जारी है।वहीं बैंक में पैसा जमा कराने का झांसा देकर महिला समूह से ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया है। देवरी निवासी पार्वती केशरवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सखी क्रेडिट सहकारी समिति मर्यादित की एजेंट आरती देवी जांगड़े और सीईओ हेमलता साहू ने उनके साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं से बैंक में जमा के नाम पर राशि ली।शिकायत के अनुसार वर्ष 2012 से 2025 तक लगातार हर माह समूह की महिलाओं से पैसा वसूल कर कुल 3 लाख 13 हजार 883 रुपये बैंक में जमा नहीं किए गए और गबन कर लिया गया। मामले में अपराध दर्ज कर एएसआई धर्मेन्द्र यादव ने देवरी निवासी आरोपी एजेंट आरती देवी जांगड़े को गिरफ्तार कर लिया है।