Blog

मनरेगा नाम बदलने के खिलाफ सड़क पर उतरी एनएसयूआई,बिलासपुर में फूंका मोदी योगी का पुतला…..

अरुण चौधरी की गिरफ्तारी से उबाल, बिलासपुर में एनएसयूआई का तीखा विरोध प्रदर्शन…

लोकतंत्र पर हमला एनएसयूआई का आरोप-योगी के इशारे पर लाठीचार्ज….

बिलासपुर।भारत सरकार द्वारा मनरेगा योजना के नाम और स्वरूप में किए गए बदलाव के विरोध में देशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण चौधरी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जोरदार प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान वाराणसी पुलिस ने अरुण चौधरी को गिरफ्तार कर लिया, जिससे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

दरअसल अरुण चौधरी की गिरफ्तारी के विरोध में आज छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। महामाया चौक पर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया।मीडिया से चर्चा करते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वाराणसी में योगी सरकार के इशारे पर पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया और जबरन गिरफ्तारियां की गईं। उनका कहना है कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने की साजिश है और केंद्र व राज्य सरकारें मिलकर युवाओं की आवाज को कुचलने का काम कर रही हैं।कार्यकर्ताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि मनरेगा में किए गए बदलाव वापस नहीं लिए गए और छात्र नेताओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश के युवा दिल्ली जाकर सरकार के फैसले के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। एनएसयूआई का कहना है कि मनरेगा गरीबों और मजदूरों की जीवनरेखा है और इसके साथ किसी भी तरह का बदलाव आम जनता के अधिकारों पर सीधा हमला है। फिलहाल पूरे मामले ने सियासी माहौल को और गर्मा दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *