धान घोटाला उजागर,कोटा के हरिकिशन फूड्स राइस मिल सील…

2890 क्विंटल धान गायब,प्रशासन का बड़ा एक्शन…
जीपीएस ट्रैकिंग से खुला राज, धान की हेराफेरी पकड़ी गई…
बिलासपुर।धान की कस्टम मिलिंग में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। कोटा विकासखंड स्थित हरिकिशन फूड्स राइस मिल में भारी अनियमितता पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में मिल में 2890.80 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसके बाद करीब 7 करोड़ 47 लाख रुपये मूल्य का 24,109.20 क्विंटल धान जब्त कर लिया गया और राइस मिल को सील कर दिया गया।खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समितियों से धान उठाव और कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया जारी है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शासन द्वारा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से धान परिवहन की जीपीएस ट्रैकिंग की जा रही है। इसी निगरानी के दौरान संदेहजनक गतिविधियां सामने आने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर हरिकिशन फूड्स राइस मिल की जांच की गई।जांच में सामने आया कि मिलर ने इस खरीफ वर्ष में 27 हजार क्विंटल धान का उठाव किया था, लेकिन मिल परिसर में अपेक्षित मात्रा से कम धान पाया गया। धान की रिसाइक्लिंग की आशंका को देखते हुए पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया गया।प्रशासन ने साफ किया है कि छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश 2016 का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसानों के हित सुरक्षित रह सकें और व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।