नगर निगम की बड़ी कार्रवाई,देवनंदन नगर स्थित आरवीआर ओयो होटल हुआ सील…

आवासीय कॉलोनी में नियमों की अनदेखी कर चल रहा होटल
आखिरकार प्रशासन की सख्ती का शिकार
बिलासपुर ।सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनन्दन फेस-2 आवासीय कॉलोनी में नियमों के विरुद्ध होटल का संचालन किए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए होटल आर वी आर को सील कर दिया।

नगर निगम ने बताया कि होटल आवासीय क्षेत्र में संचालित हो रहा था जिससे कॉलोनीवासियों को लगातार असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय निवासियों ने होटल संचालन को लेकर शोर-शराबा आवागमन और सुरक्षा संबंधी समस्याओं की लगातार शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग ने स्थल का निरीक्षण किया जिसमें होटल का संचालन नियमों के खिलाफ पाया गया। जांच के दौरान होटल मालिक के रूप में अंकित सिंह का नाम सामने आया है जबकि होटल के संचालन की जिम्मेदारी रवीन्द्र देवांगन विजय गुप्ता और राहुल साहू के पास बताई गई। बिना आवश्यक अनुमति और आवासीय क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधि संचालित किए जाने को नियमों का उल्लंघन माना गया। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आवासीय क्षेत्रों में नियम विरुद्ध किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*अवैध गतिविधियों की शिकायतों पर चला निगम का डंडा*
पिछले लंबे समय से इस होटल में संदिग्ध और अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिससे कॉलोनी के निवासी बेहद परेशान थे। स्थानीय निवासियों ने एकजुट होकर इसकी लिखित शिकायत नगर निगम कार्यालय में दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि होटल के भीतर अनैतिक कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है जिससे क्षेत्र का माहौल दूषित हो रहा है। प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने होटल संचालक को नोटिस जारी कर इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन संचालक ने निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब देना उचित नहीं समझा। संचालक की इस लापरवाही और नियम विरुद्ध कार्यप्रणाली को देखते हुए निगम की टीम ने कड़ा रुख अख्तियार किया और मौके पर पहुंचकर होटल को पूरी तरह से सील कर दिया है.