हाईवा से टकराया मौत का करंट,अटल यूनिवर्सिटी कैंपस में धू-धू कर जला हाइवा, ड्राइवर की लापरवाही

गिट्टी डंप करते वक्त 11केवी की चपेट में आया हाइवा,
हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हाईवा में लगी भीषण आग…यूनिवर्सिटी परिसर में बड़ा हादसा,
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, कैंपस में मची अफरा-तफरी
बिलासपुर ।कोनी थाना क्षेत्र स्थित अटल बिहारी यूनिवर्सिटी कैंपस में आज एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। कैंपस के भीतर निर्माण कार्य के दौरान गिट्टी डंप कर रहे एक हाइवा नंबर सीजी 10 बीजे 4727 में भीषण आग लग गई। यह पूरी घटना साफ तौर पर हाइवा चालक की लापरवाही का नतीजा है।ड्राइवर ने ऊपर से गुजर रही 11केवी की हाईटेंशन लाइन को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया और डंपिंग के लिए हाइवा की डाला उठा दिया। जैसे ही डाला बिजली के तारों के संपर्क में आया, पूरे वाहन में करंट दौड़ गया और भीषण आग लग गई।
खतरा उस वक्त और बढ़ गया जब आग की लपटें भयावह होने लगीं। हालांकि, ड्राइवर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन ड्राइवर की इस एक चूक ने वहां काम कर रहे दर्जनों मजदूरों की जान जोखिम में डाल दी थी। यदि बिजली का तार टूटकर नीचे गिर जाता, तो आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ सकते थे और हादसा एक बड़ी जनहानि में बदल सकता था।
आगजनी की घटना से मची रही अफरा तफरी
घटना के बाद निर्माण स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हाइटेंशन तार के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जा रही है।
आगजनी की घटना पाकर मौके पर पहुंचा दमकल
आगजनी की खबर पाकर पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।इस दौरान विश्वविद्यालय में हड़कंप मचा रहा।और देखते ही देखते लोगो की भीड़ लग गई।
जांच के जुटी पुलिस
आगजनी की घटना के बाद कोनी पुलिस जांच में जुट गई है।पुलिस का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।इसमें ड्राइवर और आसपास के लोगो से भी पूछताछ करके जांच की जाएगी ।