गांधी चौक के पास नशीली गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार

बिलासपुर । नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सिटी कोतवाली पुलिस ने गांधी चौक स्थित मिनी स्टेडियम वाली गली के पास से नशीली गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। 30 जनवरी को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक गांधी चौक इलाके में नशीली दवाइयाँ बेचने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम प्रिंस बोले, उम्र 20 वर्ष, निवासी नया पारा दयालबंद बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित श्रेणी की कुल 90 नशीली टैबलेट बरामद की गईं। इनमें नाइट्राजेपाम टैबलेट की अलग-अलग स्ट्रिप शामिल हैं। साथ ही आरोपी के पास से नगद 240 रुपये और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। आरोपी नशीली दवाओं के विक्रय से संबंधित कोई वैध चिकित्सकीय दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में आरोपी का अवैध नशीली दवाओं के कारोबार में संलिप्त होना पाया गया।
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जब्त नशीली दवाओं को सीलबंद कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस आरोपी के अन्य साथियों और नशीली दवाओं की सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है।