Blog

छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी का कोटगढ़ में भव्य रजत जयंती शिविर,25 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं,ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ बताया

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 गौरवपूर्ण वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत जयंती महोत्सव के तहत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (चेवी विद्युत) ने ग्राम कोटगढ़ में कोटगढ़ वितरण केंद्र के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन किया। यह शिविर न केवल राज्य की ऊर्जा यात्रा का प्रतीक बना, बल्कि ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण विद्युत योजनाओं से जोड़ने का माध्यम भी साबित हुआ। भारी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने विभिन्न जागरूकता सत्रों में सक्रिय भागीदारी की।

गरिमामय मुख्य अतिथियों की उपस्थिति, सोलर वेंडर्स ने दी विशेष जानकारी-
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती रामेश्वरी बाई कंवर एवं श्रीमती गोमती कंवर, ग्राम कोटगढ़ सरपंच श्री छोटेलाल कंवर, सामाजिक कार्यकर्ता श्री परमेश्वर पटेल, श्री पंकज मिरी, श्री गजा लाल रत्नाकर, श्री चंद्रप्रकाश मिरी, कार्यपालन यंत्री श्री राजेश चौहान, सहायक यंत्री बी.एल. जांगड़े, कनिष्ठ यंत्री दुर्गेश कुमार जाटवर, मंजू जोशी एवं लाला राम रत्नाकर की गरिमामय उपस्थिति रही।पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी देने के लिए सोलर वेंडर्स शारदा कंस्ट्रक्शन के श्री ऐश्वर्य सिंह, ग्रीन एनर्जी के श्री संजीव राठौर एवं रामजी सोलर के श्री मोनू नामदेव ने स्टॉल पर ग्रामीणों को सोलर पैनल स्थापना, सब्सिडी लाभ एवं रखरखाव की प्रक्रिया से अवगत कराया। श्री ऐश्वर्य सिंह ने कहा, “यह योजना ग्रामीण परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ दिलाएगी, जिससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।

25 वर्षों का सुनहरा सफर-
संरचना विकास एवं उपलब्धियां शिविर के मुख्य सत्र में छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद 25 वर्षों में हुई प्रगति पर प्रकाश डाला। कंपनी ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले में विद्युत नेटवर्क का विस्तार करते हुए हजारों किलोमीटर लाइनें बिछाई गईं, ट्रांसफार्मरों की क्षमता दोगुनी से अधिक बढ़ी और उपभोक्ता आधार में अभूतपूर्व वृद्धि हुई। विभिन्न योजनाओं जैसे पीएम सूर्य घर, एकल बत्ती कनेक्शन एवं कृषि पंप सब्सिडी की प्रदर्शनी लगाई गई, जहां ग्रामीणों ने सीधे पूछताछ की।

अतिथियों के उद्बोधन में सराहना और अपील-
अतिथियों ने अपने संबोधनों में विद्युत विभाग के निरंतर प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। जनपद सदस्य श्रीमती रामेश्वरी बाई कंवर ने कहा, “25 वर्षों में विद्युत विभाग ने ग्रामीण अंधेरे को रोशनी में बदल दिया, इसके लिए सभी कर्मचारियों को बधाई।” सरपंच श्री छोटेलाल कंवर ने अपील की, “उपभोक्ता समय पर बिल भुगतान करें, ताकि सेवाएं निर्बाध रहें।” कार्यपालन यंत्री श्री राजेश चौहान ने बताया कि विभाग डिजिटल बिलिंग और स्मार्ट मीटर से सेवाओं को और सशक्त बना रहा है।

जांजगीर जिले में उपभोक्ता संख्या में 2 लाख की उछाल-
सहायक यंत्री बी.एल. जांगड़े ने विस्तार से जानकारी देते हुए कहा, “जांजगीर जिले में राज्य गठन के समय से उपभोक्ताओं की संख्या 2 लाख से अधिक बढ़ चुकी है। विद्युत लाइनें, ट्रांसफार्मर एवं कनेक्शन बढ़ाने में हमने हमेशा उपभोक्ता हित को प्राथमिकता दी। आने वाले समय में सोलर और स्मार्ट ग्रिड से क्रांति आएगी।

मितव्ययी उपभोक्ताओं को सम्मान-
पीएम योजना के टॉप-5 हितग्राही पुरस्कृत शिविर के समापन सम्मान समारोह पर हुआ। एकल बत्ती कनेक्शन धारी, घरेलू, गैर-घरेलू एवं कृषि पंप उपभोक्ताओं में से वे लोग जिन्होंने मितव्ययिता के साथ समय पर बिल भरा, उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। विशेष रूप से कोटगढ़ क्षेत्र के प्रधानमंत्री मुक्त बिजली बिल योजना के प्रथम पांच हितग्राही उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभाग के प्रति विश्वास व्यक्त किया।यह शिविर चेवी विद्युत की ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना, जो आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *