Blog

दुर्ग में अफीम खेती का खुलासा, बिलासपुर पुलिस हुई अलर्ट

थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश, संदिग्ध इलाकों में बढ़ी निगरानी

बिलासपुर।दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद अब बिलासपुर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिले में कहीं भी इस तरह की अवैध खेती न हो, इसके लिए पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।

दरअसल दुर्ग जिले में अफीम की खेती का खुलासा होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। इसी के मद्देनजर बिलासपुर पुलिस ने भी अपने स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी है। जिले के सभी थाना प्रभारियों और गश्त अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और कहीं भी अवैध रूप से मादक पदार्थों की खेती की जानकारी मिलते ही तुरंत कार्रवाई करें।एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ पहले से ही जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गांजा तस्करी और अवैध कारोबार के कई मामलों में पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। ऐसे में अब अफीम जैसी प्रतिबंधित फसलों की अवैध खेती को रोकने के लिए भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।एसएसपी ने बताया कि इसके लिए पुलिस ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने की रणनीति बनाई है। थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र के पटवारी और आरआई के साथ मिलकर संदिग्ध स्थानों की जांच करें और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें। फिलहाल पुलिस की नजर खास तौर पर ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों पर है, जहां छिपकर इस तरह की अवैध खेती किए जाने की आशंका रहती है। पुलिस का कहना है कि यदि कहीं भी अफीम या अन्य मादक पदार्थों की खेती पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *