Blog

ऑनलाइन सट्टे पर  लाखों की नगदी और लग्जरी सामान के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सिविल लाईन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 45 लाख कीमत की नगदी, महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, वाहन और बैंक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान प्रहार के तहत की गई।

दरअसल जिले पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर बड़े स्तर पर सट्टा खिलाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर तकनीकी टीम की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रायपुर में दबिश दी गई। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश उर्फ राजा बजाज 34 वर्ष निवासी मोपका और प्रदीप खत्री 34 वर्ष निवासी मंगला शामिल हैं। इस मामले में पहले ही आरोपी मनोज पोपटानी को 21 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिसने पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा किया था। फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजेश बजाज पर पहले 5000 का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी “रिक्की पैनल” के जरिए एविएटर, विंगो, कैसिनो, हॉर्स राइडिंग जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टा खिलाते थे। ये लोग ग्राहकों को टेलीग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से जोड़ते थे और लिंक भेजकर उन्हें गेम खेलने के लिए प्रेरित करते थे। इस अवैध धंधे का संचालन न केवल बिलासपुर बल्कि रायपुर और अन्य बड़े शहरों से भी किया जा रहा था।
आरोपियों ने सट्टा संचालन के लिए फर्जी सिम कार्ड और फर्जी बैंक खातों का उपयोग किया। लेन-देन के लिए आम लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। मुनाफे का 65 प्रतिशत हिस्सा हेड ऑफिस को और 35 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय ब्रांच को दिया जाता था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित और सुनियोजित नेटवर्क था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 6,90,000 नगद, एचपी पवेलियन लैपटॉप, सैमसंग S25 अल्ट्रा, आईफोन 16 प्रो, आईफोन 17 प्रो जैसे महंगे मोबाइल, 5 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, कई एटीएम कार्ड, 2 रजिस्टर और चारपहिया वाहन जैसे होंडा सिटी, मारुति ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर तथा एक एक्टिवा जब्त की है। बरामद रजिस्टरों में लाखों रुपये के सट्टे का विस्तृत हिसाब-किताब दर्ज मिला है। पुलिस को जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों में लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन के साक्ष्य भी मिले हैं, जिसकी गहन जांच जारी है। इसके साथ ही आरोपियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।  

*सट्टा कारोबारियों के बीच मचा हड़कंप*

बिलासपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि ऐसे अवैध धंधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान “प्रहार” के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

*संगठित नेटवर्क का खुलासा*

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए देशभर में ग्राहकों को जोड़ते थे। फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल कर लेन-देन किया जाता था। सट्टे से होने वाली कमाई का 65% हिस्सा हेड ऑफिस और 35% हिस्सा लोकल ब्रांच को दिया जाता था। जब्त सामान में लग्जरी वाहन और महंगे गैजेट्स शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹45 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त की है, जिसमें लैपटॉप, महंगे मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज, रजिस्टर में दर्ज लाखों रुपये का हिसाब-किताब, ₹6.90 लाख नकद के अलावा होंडा सिटी, ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर कार और एक्टिवा शामिल हैं।

*आरोपियों की अवैध कमाई से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की जांच*

पुलिस अब आरोपियों की अवैध कमाई से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की जांच कर रही है। साथ ही बैंक खातों में हुए लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन की विस्तृत जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।

*कार्रवाई से खुश हुए पुलिस कप्तान बोले शाबाश*

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि बहुत दिनों से हमारी टीमें इस शातिर सटोरिये की पतासाजी कर रही थी लेकिन अब पकड़ा गया है।
इसके सभी नेटवर्क को समूल खत्म करना बहुत जरूरी है। इसलिए इसके सभी रिकॉर्ड खंगालकर खंगालकर जो भी कोई हो उन्हें कानून की गिरफ्त में ना केवल लायेंगे बल्कि इनके द्वारा लूटकर बनाई गई संपत्ति को भी जब्त करेंगे ।
सराहनीय कार्य है। एएसपी सिटी, सीएसपी सिविल लाइन के नेतृत्व में और थाना प्रभारी के साथ हमारी एसीसीयू टीम ने इसको पकड़ा है और आगे इसके नेटवर्क को ध्वस्त कर उन्हें भी जेल पहुँचायेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *