Blog

मंहगा हो चुका है सेंधा नमक……महंगा होने वाला है प्लेन नमक….

बिलासपुर- मंहगा हो चुका है सेंधा नमक।महंगा होने वाला है प्लेन नमक।आई और आने वाली तेजी से अब होलसेल और रिटेल मार्केट भी परेशान हो चला है क्योंकि इससे पहले खाद्य तेल और माचिस की पेंकिंग में क्रमशः वजन कम करने और तीलियों की संख्या घटाने जैसी गतिविधियों को लेकर उपभोक्ताओं के सवालों के जवाब नहीं दे पा रहा है बाजार।

प्लास्टिक के पैकेजिंग मैटेरियल्स में आई तेजी की आंच से अब रसोई घर भी झुलसता नजर आ रहा है। ताजा तेजी उस नमक में आ चुकी है, जिसका उपयोग उपवास के दौरान किया जाता है। वह नमक भी महंगा होने वाला है, जिसकी जरूरत हर घर, होटल, ढाबे से लेकर स्ट्रीट फूड काउंटरों को रोजाना होती है। पहली बार यह तेजी आइसक्रीम और कुल्फी बनाने वाली ईकाइयों को भी अपने घेरे में ले चुकी है।


महंगा पड़ेगा उपवास

सेंधा नमक खड़ा की खरीदी अब 50 से 80 रुपए किलो की दर पर करनी होगी। तेजी के पूर्व यह 30 से 60 रुपए किलो पर मिल रहा था जबकि पैक्ड सेंधा नमक का पाउडर अब 50 से 140 रुपए में खरीदना होगा। इसके पूर्व यह 40 से 130 रुपए पर स्थिर था। सेंधा नमक में आई यह गर्मी व्रत रखने वालों पर गहरा असर डालेगी क्योंकि ज्यादातर उपयोग सेंधा नमक का उपवास के दौरान सेवन करने वाली सामग्रियों में ही किया जाता है।


संकेत सफेद नमक में भी…

सफेद नमक खड़ा 5 से 20 रुपए किलो। दो से तीन रुपए की गर्मी के संकेत मिल रहे हैं। पैक्ड नमक पाउडर की बोरी में भी कीमत में 30 रुपए की बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार एडवांस सौदे 175 रुपए बोरी की दर पर किए जाने की खबर हैं। खुदरा बाजार की परेशानी इस संभावित वृद्धि को लेकर है कि यदि कीमत बढ़ी, तो किस दर पर विक्रय करेंगे? फिलहाल प्रतीक्षा कर रहे हैं जारी होने वाली नई कीमत की।


अटकी सांस इनकी

नमक का प्रयोग बड़ी मात्रा में आइसक्रीम और कुल्फी बनाने वाले करते हैं। लिहाज़ा गर्मी में खरीदी तो कर रहे हैं लेकिन बढ़ी हुई लागत की भरपाई कैसे करें ? जैसे सवाल परेशान कर रहे हैं क्योंकि खुदरा उपभोक्ता आइसक्रीम और कुल्फी की बढ़ी हुई दर स्वीकार नहीं करेगा। पहली बार इलेक्ट्रिक गुड्स विक्रय करने वाली संस्थानों के साथ सोलर सिस्टम लगाने वाली एजेंसियां भी तेजी की चपेट में आ चुकीं हैं क्योंकि अर्थिंग लगाने के लिए बड़ी मात्रा में नमक की जरूरत होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *