Blog

एनटीपीसी में डबल नंबर प्लेट वाली हाईवा पकड़े जाने पर बवाल

वाहन मालिक ने ट्रैफिक सुपरवाइजर से की मारपीट और दी धमकी

बिलासपुर ।सीपत थाना क्षेत्र के एनटीपीसी राखड़ डेम क्रमांक-02, ग्राम रांक में ड्यूटी के दौरान एक ट्रैफिक मार्शल सुपरवाइजर के साथ कथित तौर पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में देवी प्रसाद कुर्रे एवं उनके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विजय कुमार वस्त्रकार, जो ग्राम गतौरा का निवासी है, एनटीपीसी सीपत के ग्राम रांक स्थित राखड़ डेम क्रमांक-02 में 5 मार्च 2026 से ट्रैफिक मार्शल सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत है। विजय ने अपनी शिकायत में बताया कि 3 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 9:30 बजे वह ड्यूटी पर वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान एक हाईवा वाहन क्रमांक सीजी 13 एएक्स 1914 राखड़ लोड कर वहां पहुंचा। जांच के दौरान विजय ने देखा कि वाहन के सामने और पीछे लगे नंबर प्लेट में अंतर है। सामने वाहन पर सीजी 13 एएक्स 1914 अंकित था, जबकि पीछे सीजी 10 बीडब्लू 9657 लिखा हुआ मिला। इस पर उसने चालक को रोककर पूछताछ की। बताया जा रहा है कि चालक ने तत्काल अपने
मालिक देवी प्रसाद कुर्रे को फोन कर इसकी सूचना दी। शिकायत के मुताबिक, कुछ ही देर बाद देवी प्रसाद कुर्रे अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से डेम परिसर पहुंचा और विजय से विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने मेरे हाईवा को तुम रोकने वाले कौन होते हो कहते हुए अश्लील गाली-गलौज की। जब विजय ने इसका विरोध किया, तो देवी प्रसाद कुरें और उसके साथियों ने कथित रूप से उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में विजय के गाल और पीठ में चोट आई है।
घटना के बाद विजय ने अपने साथी प्रदीप कुमार राठौर को फोन कर जानकारी दी। प्रदीप अपने साथी संदीप लहरे के साथ मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें भी गाली-गलौज करते हुए मारने के लिए दौड़ाया, जिसके बाद वे वहां से भाग निकले।
सीपत पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर धारा 115(2), 296, 3(5) और 351 (3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वाहन में नंबर प्लेट की कथित हेराफेरी और मारपीट की पूरी घटना की जांच कर रही है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *