Blog

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” में बड़ी सफलता — अंतर्राज्यीय चोरी गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार

ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा —दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल रेलवे सुरक्षा बल – जीआरपी की बड़ी कार्रवाई

यात्री सामान चोरी के दो मामलों का खुलासा — अंतर्राज्यीय “खगड़िया पेपर गैंग” के 4 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर।रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यात्री सामान चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत रेसुब नागपुर एवं शासकीय रेल पुलिस जीआरपी
इतवारी की संयुक्त कार्यवाही में अंतर्राज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 55189 इतवारी–छिंदवाड़ा पैसेंजर में एक यात्री के बैग से सोने-चांदी के आभूषण, जिनकी कुल कीमत ₹2,44,700/- थी, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में जीआरपी थाना ईतवारी में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 58206 ईतवारी–रायपुर पैसेंजर में भी एक यात्री के ₹2,20,853/- मूल्य के आभूषण चोरी होने पर जीआरपी ईतवारी में अपराध क्रमांक 06/2026, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।

इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चंद्र आर्य के निर्देशन में रेसुब नागपुर की टास्क टीम एवं डिकॉय टीमों का गठन किया गया। साथ ही अपराध गुप्तचर शाखा द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं गुप्त निगरानी कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर रेसुब टास्क टीम एवं जीआरपी ईतवारी द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 58206 में तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सीसीटीवी फुटेज एवं पीड़ितों की पहचान के आधार पर उनकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वयं को अंतर्राज्यीय “खगड़िया पेपर गैंग” का सदस्य स्वीकार किया।

यह गिरोह मुख्यतः पैसेंजर ट्रेनों में ऊपरी बर्थ पर रखे बैग एवं सूटकेस को निशाना बनाता है। आरोपी अखबार फैलाकर या बैग की आड़ में चेन खोलकर अंदर रखे कीमती सामान चोरी कर लेते हैं और पुनः चेन बंद कर देते हैं, जिससे यात्रियों को तत्काल चोरी का आभास नहीं होता। गिरोह का संचालक बिहार के खगड़िया क्षेत्र का निवासी है, जो छत्तीसगढ़ के भिलाई में रहकर गिरोह संचालित करता है तथा बेरोजगार युवकों को लालच देकर इस अपराध में शामिल करता है।
इस कार्रवाई में रेसुब/अपराध गुप्तचर शाखा नागपुर, मंडल टास्क टीम के सहायक उप निरीक्षक जे.के. सिंह, प्रधान आरक्षक रामफल कुरैती, आरक्षक राजू पेशने एवं पंकज भंडारकर तथा जीआरपी ईतवारी की थाना प्रभारी नीलम डोंगरे का विशेष योगदान रहा।
रेसुब नागपुर मंडल एवं जीआरपी इतवारी के उत्कृष्ट समन्वय से न केवल इन मामलों का खुलासा हुआ है, बल्कि रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी उठाया गया है।

रेसुब नागपुर मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, ट्रेन स्टाफ, टीटीई अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *