कांच तोड़कर युवक ने खुद को किया घायल,पेट फटने से सिम्स में भर्ती

बिलासपुर । सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत जरहाभाठा मिनी बस्ती में एक 35 वर्षीय युवक के आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार राजा नाम का युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक 10 अप्रैल की सुबह वह शैतान मार रहे हैं कहते हुए घर में हंगामा कर रहा था। स्थिति को देखते हुए परिवार वाले उसे झाड़-फूंक के लिए लेकर गए थे। बताया गया कि घर लौटने के बाद युवक कुछ देर शांत रहा और सो गया।
लेकिन अगले दिन सुबह करीब 11 बजे अचानक उठकर उसने फिर से वही बातें दोहरानी शुरू कर दीं। इसी दौरान उसने घर में रखे आईने को तोड़ दिया और उसके कांच से अपने पेट पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर जांच में जुटी है।