नशीली सिरप तस्करी का भंडाफोड़, 800 बोतल के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। चौकी स्मृतिनगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दवा कंपनी प्रतिनिधि की आड़ में प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप की तस्करी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भिलाई के जुनवानी खम्हरिया रोड के पास एक कार में नशीली सिरप की सप्लाई की जा रही है। इस पर टीम ने घेराबंदी कर सेण्ट्रो कार को रोका और तलाशी के दौरान 7 कार्टून में 800 नग प्रतिबंधित CADIFOS-T सिरप बरामद किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कर ई-कुरियर के माध्यम से गुजरात से सिरप मंगाते थे और उसे महंगे दामों पर बेचते थे। मुख्य आरोपी योगेश शर्मा ने एडिटिंग कर फर्जी लाइसेंस और लेटरपैड तैयार कर पूरा नेटवर्क संचालित किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वाहन, मोबाइल और नकदी सहित करीब 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।