Blog
बिलासपुर में अवैध लकड़ी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, लाखों की सागौन-साल जब्त, आरोपी फरार

बिलासपुर । जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए की लकड़ी जब्त की है। कोटा वन परिक्षेत्र में संयुक्त टीम ने दबिश देकर सागौन, साल और शीशम की अवैध लकड़ी बरामद की, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

मुख्य वन संरक्षक और वनमंडल अधिकारी के निर्देश पर वन विभाग, उड़नदस्ता और पुलिस की टीम ने तखतपुर विकासखंड के अमलीकांपा गांव में आरोपी पिंकू खांडे और गीता खांडे के घर सर्च वारंट के आधार पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान घर और बाड़ी से बड़ी मात्रा में लकड़ी के साथ एक रमदा मशीन भी बरामद की गई।

जब्त वनोपज में 2.372 घन मीटर सागौन, 0.794 घन मीटर साल और 0.040 घन मीटर शीशम शामिल है, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 24 हजार रुपए आंकी गई है। वन विभाग ने लकड़ी को सेल डिपो कोटा भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
