जशपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 76 किलो से ज्यादा गांजा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर । पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तुमला क्षेत्र में 76 किलो 940 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजा की बड़ी खेप दो कारों में छुपाकर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर तुमला थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों संदिग्ध वाहनों को रोका और तलाशी के दौरान कार से 73 पैकेट में भरा गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपए बताई जा रही है।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।