पंजाब से बिलासपुर पहुंची हेरोइन की खेप जब्त, 5 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

बिलासपुर। पुलिस ने अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब और मुंगेली के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 97 ग्राम हेरोइन, कार, स्कूटी, मोबाइल और नगदी जब्त की है।तोरवा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक अल्टो कार में कुछ लोग हेरोइन की डील करने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से 97 दशमलव 63 ग्राम प्रतिबंधित हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह निवासी अमृतसर पंजाब बताया। दोनों आरोपी पंजाब से बिलासपुर हेरोइन सप्लाई करने पहुंचे थे।वहीं मौके पर मौजूद मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक को खरीदार के रूप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अल्टो कार, स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और 57 हजार 800 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।