पाली में 17 मई को होगा छत्तीसगढ़ कौराई यादव समाज का भव्य शपथ ग्रहण समारोह
पाली, कोरबा
छत्तीसगढ़ कौराई यादव समाज के नवनियुक्त प्रांतीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह 17 मई 2026, रविवार को गोड़वाना भवन पाली जिला कोरबा में आयोजित किया जाएगा। समाज के कार्यकर्ता तिरिथ यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में समाजजन शामिल होंगे।
समारोह को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से नवगठित प्रांतीय टीम का विधिवत शपथ ग्रहण कराया जाएगा तथा संगठन को मजबूत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा भी होगी।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार दोपहर 12 बजे से पंजीयन प्रारंभ होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे सामूहिक पूजा-अर्चना संपन्न होगी। दोपहर 2 बजे नवनियुक्त प्रांतीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं दोपहर 3 बजे समाज प्रमुखों का उद्बोधन एवं आभार प्रदर्शन होगा।
इसके पश्चात शाम 4 बजे से प्रांतीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन विस्तार, सामाजिक एकता एवं समाज हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में रात्रि भोजन की व्यवस्था भी रखी गई है, जिसके बाद सभी समाजजन अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
समाज के पदाधिकारियों ने प्रदेशभर के कौराई यादव समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।