जर्जर और बंद हो चुकी डायल 112 सड़को पर फिर से आएगी नजर

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ में कुछ समय से बंद पड़ी डायल 112 सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है। सेवा बंद होने के कारण लोगों को आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिल पा रही थी, वहीं अपराध नियंत्रण में भी दिक्कतें सामने आ रही थीं। अब प्रदेश सरकार ने करीब 400 नई डायल 112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर सेवा को फिर से सक्रिय कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इन वाहनों की तैनाती की गई है। न्यायधानी बिलासपुर को भी करीब 24 डायल 112 वाहन मिले हैं, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस रिस्पॉन्स और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।इस मामले में बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि डायल 112 सेवा आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी आपात स्थिति, सड़क दुर्घटना, विवाद या अपराध की सूचना मिलने पर यही टीम सबसे पहले मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद करती है। उन्होंने प्रदेश सरकार का धन्यवाद देते हुए कहा कि सेवा दोबारा शुरू होने से पुलिस व्यवस्था और मजबूत होगी, साथ ही अपराधों पर नियंत्रण लगाने में भी मदद मिलेगी।एसएसपी ने यह भी कहा कि डायल 112 केवल पुलिस सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि कई बार मेडिकल इमरजेंसी और महिलाओं से जुड़े मामलों में भी यह टीम तत्काल राहत पहुंचाने का काम करती है। ऐसे में नई गाड़ियों के शामिल होने से रिस्पॉन्स टाइम कम होगा और लोगों को पहले से ज्यादा तेज सुविधा मिल पाएगी।