जमीन विवाद में खूनी संघर्ष
बिलासपुर । जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें टंगिया से हमला किए जाने पर पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव का है।
मिली जानकारी के मुताबिक गतौरा निवासी रामकिशोर राठौर और उसके भाई सुरेश राठौर के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को रामकिशोर अपने परिवार के साथ खेत में काम करने पहुंचा था। इसी दौरान सुरेश राठौर और उसके परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए और जमीन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। आरोप है कि दोनों तरफ से टंगिया से हमला किया गया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया।
घायल रामकिशोर राठौर का आरोप है कि एक दिन पहले ही उसने अपने भाई के खिलाफ गाली-गलौज और धमकी देने की शिकायत मस्तूरी थाने में करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। रामकिशोर का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो यह खूनी संघर्ष टल सकता था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।