Blog

7.87 लाख का फर्जी बिल और ई-वे बिल भेजकर कारोबारी को लगाया चूना

बिलासपुर । सरकंडा थाना क्षेत्र में एफएमसीजी उत्पादों के कारोबारी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत पर राकेश कुमार सिन्हा और सुरेश साव के खिलाफ धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रार्थी माधव अग्रवाल, निवासी लोधीपारा सरकंडा,माधव इंटरप्राईजेज के नाम से डिस्ट्रीब्यूशन और सीएसए का कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि नवंबर-दिसंबर 2025 में सुरेश साव ने स्वयं को बंगाल फुड एंड ब्रेवरेजेज कंपनी का नेशनल सेल्स हेड बताते हुए संपर्क किया और बिलासपुर क्षेत्र का चैनल सेल्स एजेंट बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद राकेश कुमार सिन्हा को कंपनी का डायरेक्टर बताकर बातचीत कराई गई। आरोपियों के झांसे में आकर माधव अग्रवाल ने कंपनी के खाते में अलग-अलग तारीखों में कुल 7 लाख 87 हजार 156 रुपये आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से जमा किए। बदले में कंपनी की ओर से फर्जी विक्रय बिल और ई-वे बिल भेजे गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, जो सामान भेजा गया वह उनके ऑर्डर के अनुरूप नहीं था, बल्कि दूसरे ब्रांड का निकला। जांच में यह भी पता चला कि भेजे गए कई उत्पाद संबंधित कंपनी द्वारा निर्मित ही नहीं थे। माधव अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों ने बिक्री प्रबंधन के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति का भी भरोसा दिया था, लेकिन रकम लेने के बाद फोन उठाना बंद कर दिया। उन्हें आशंका है कि आरोपियों द्वारा अन्य राज्यों में भी इसी तरह लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। सरकंडा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *