बिलासपुर के छात्र देवराज ने बढ़ाया कृषि महाविद्यालय का गौरव

बिलासपुर – युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत द्वारा आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत उत्तराखंड के सीमावर्ती जनपदों चमोली, उत्तरकाशी एवं पिथौरागढ़ में देशभर से चयनित युवा स्वयंसेवक सहभागिता कर रहे हैं। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के बी.एससी. (कृषि) चतुर्थ वर्ष के छात्र देवराज भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को सीमावर्ती गांवों की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों, विकास की संभावनाओं तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों को स्थानीय समुदायों के साथ कार्य करने, स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाने, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में भाग लेने तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
देवराज कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और आजीविका संबंधी गतिविधियों का अध्ययन कर रहे हैं। साथ ही वे स्वच्छता अभियान, सामुदायिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने वाली गतिविधियों में भी योगदान दे रहे हैं।
देवराज का इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए चयन बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का विषय है। उनकी सहभागिता युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को सशक्त बनाने का प्रेरणादायी उदाहरण है।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने देवराज को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।