सरकारी जमीन पर कब्जे का खेल पड़ा भारी
दुकानदार को धमकाने वाले पर एफआईआर
छोटे दुकानदार को हटाने की कोशिश, आरोपी पर संगीन धाराओं में केस दर्ज
बिलासपुर।तखतपुर नगर के महाराणा प्रताप चौक मंडी चौक के पास सरकारी और रेलवे स्वामित्व की भूमि पर कब्जे और छोटे दुकानदारों को डरा-धमकाकर बेदखल करने का एक गंभीर मामला सामने आया था। सालों से दुकान चलाकर अपनी रोजी-रोटी कमाने वाले एक स्थानीय दुकानदार की शिकायत पर तखतपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी तब्बू मिरी के खिलाफ नए कानून के तहत संगीन धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।वार्ड क्रमांक 01, ब्लॉक कॉलोनी तखतपुर निवासी ज्ञानेंद्र कुमार देवांगन मंडी चौक पर ‘राशि फोटोकॉपी’ के नाम से दुकान संचालित कर रहे हैं। यह दुकान मुश्ताक हुसैन के रेलवे के अवैध कब्जे की ज़मीन पर बनी हुई है, जिसका ज्ञानेंद्र वर्तमान में ₹4,500 प्रति माह किराया दे रहे थे।
शिकायत के अनुसार, पिछले एक महीने से तखतपुर का निवासी तब्बू मिरी इस दुकान पर अपना मालिकाना हक जताते हुए इसे जबरन खाली कराने की धमकी दे रहा था। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी अनुचित तरीके से दुकानदारों पर दबाव बना रहा था।
मामले ने तूल तब पकड़ा जब आरोपी तब्बू मिरी एवं उसके गुर्गों द्वारा व्हाट्स अप और फोन से सार्वजनिक रूप से अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी गई। इस अचानक हुई घटना और सीधे जान से मारने की धमकी के बाद पीड़ित और उसका परिवार गहरे खौफ में आ गया। घटना के बाद पीड़ित ने अपने दोस्तों और आसपास के लोगों से सलाह मशविरा किया और तखतपुर थाने पहुंचकर मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तखतपुर पुलिस ने आरोपी तब्बू मिरी के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।