नक्शा बटांकन के बदले रिश्वत मांगना पड़ा भारी, पटवारी भानु चंद्राकर रंगे हाथ पकड़ा गया,तहसील कार्यालय में एसीबी की दबिश

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
रतनपुर,,,नक्शा बटांकन के नाम पर रिश्वतखोरी का खेल बेनकाब,एक साल से लंबित प्रकरण में 25 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने रतनपुर तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए लालपुर हल्का के पटवारी भानु चंद्राकर को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी भूमि के नक्शा बटांकन संबंधी कार्य के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रतनपुर निवासी अशोक अग्रवाल ने एसीबी बिलासपुर से शिकायत की थी कि उन्होंने लगभग एक वर्ष पूर्व अपनी लालपुर स्थित भूमि के नक्शा बटांकन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। तहसीलदार द्वारा संबंधित प्रकरण पटवारी भानु चंद्राकर को सौंपा गया था, लेकिन कार्य करने के बदले लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार पटवारी ने पहले 40 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान बातचीत में सौदेबाजी के बाद आरोपी 25 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया।
योजना के तहत गुरुवार 25 जून 2026 को शिकायतकर्ता को रकम लेकर रतनपुर तहसील कार्यालय भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय राशि पटवारी को सौंपी, पहले से तैनात एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।
एसीबी ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।